इंदौर अग्निकांड: EV चार्जिंग ब्लास्ट से 8 मौतें

Wed 18-Mar-2026,04:10 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

इंदौर अग्निकांड: EV चार्जिंग ब्लास्ट से 8 मौतें Indore-EV-Fire-8-Dead-Cylinder-Blast-Incident
  • इंदौर में इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्जिंग के दौरान हुए विस्फोट से भीषण आग लगी, जिसमें 8 लोगों की मौत और कई लोग घायल हो गए।

  • घर में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग ने विकराल रूप लिया, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं और नुकसान बढ़ गया।

Madhya Pradesh / :

Indore/ इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। घर के बाहर चार्ज हो रही एक इलेक्ट्रिक गाड़ी में अचानक आग लगने से यह हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल हैं, जिससे घटना और भी मार्मिक हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्ज हो रही थी। अचानक चार्जिंग के दौरान विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग ने गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग घर के भीतर फैल गई। घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें विस्फोट होने से आग और भड़क गई।

इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान तनय (8 वर्ष), राशि (10 वर्ष), छोटू (22 वर्ष), मनोज पुगलिया (65 वर्ष), विजय सेठिया (65 वर्ष) समेत अन्य के रूप में हुई है। वहीं 4 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त घर में परिवार के साथ कुछ मेहमान भी मौजूद थे, जो इस त्रासदी का शिकार बन गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।